Banga Electronics

Kidszee

मैक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में 52 वर्षीय महिला की सफलतापूर्वक हुईं जटिल रोबोटिक ब्रेस्ट कैंसर सर्जरी


गाजियाबाद। वैशाली स्थित मैक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में 52 वर्षीय महिला की जटिल रोबोटिक ब्रेस्ट कैंसर सर्जरी सफलतापूर्वक की गई। इस सर्जरी में कैंसरयुक्त ट्यूमर को पूरी तरह हटाने के साथ ही ब्रेस्ट रिकंस्ट्रक्शन भी एक ही प्रक्रिया में किया गया।

अस्पताल के मैक्स इंस्टिट्यूट ऑफ कैंसर केयर के विशेषज्ञों के अनुसार यह ऑपरेशन वरिष्ठ सर्जिकल एवं रोबोटिक ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ सीमा सिंह के नेतृत्व में किया गया।

मरीज को ब्रेस्ट कैंसर की पुष्टि होने के बाद कम आक्रामक (मिनिमली इनवेसिव) रोबोटिक सर्जरी का विकल्प चुना गया। इस तकनीक में छोटे चीरे के माध्यम से रोबोटिक उपकरणों की सहायता से अत्यधिक सटीकता के साथ ट्यूमर निकाला जाता है, जिससे आसपास के स्वस्थ ऊतकों को कम नुकसान पहुंचता है और मरीज की रिकवरी तेज होती है।

विशेषज्ञों का कहना है कि रोबोटिक ब्रेस्ट सर्जरी के कई फायदे हैं—कम दर्द, न्यूनतम रक्तस्राव, कम समय में रिकवरी और बेहतर कॉस्मेटिक परिणाम। इससे मरीज का आत्मविश्वास और जीवन गुणवत्ता बनाए रखने में भी मदद मिलती है।

डॉ. सीमा सिंह ने बताया कि वर्तमान समय में ब्रेस्ट कैंसर का उपचार केवल बीमारी को हटाने तक सीमित नहीं है, बल्कि मरीज की शारीरिक बनावट और मानसिक आत्मविश्वास को बनाए रखना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि रोबोटिक सर्जरी इस दिशा में एक प्रभावी और आधुनिक विकल्प बनकर उभर रही है।

सर्जरी के बाद मरीज की हालत स्थिर बताई जा रही है और वह तेजी से स्वस्थ हो रही हैं। अस्पताल प्रशासन के अनुसार यह सफलता अनुभवी डॉक्टरों की टीम और आधुनिक तकनीक के समन्वय का परिणाम है।