Report By: Nadeem Naqvi
हापुड़। ज़िलें में एक बड़े आर्थिक घोटाले का खुलासा हुआ है, जिसमें सहकारी बैंक से जुड़े 35 लोगों को आरोपी बनाया गया है। थाना हापुड़ देहात पुलिस ने अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक षड्यंत्र सहित कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामले की शुरुआत गौतमबुद्धनगर निवासी जाकिर खान की शिकायत से हुई, जिन्होंने आरोप लगाया कि उन्होंने अपनी कृषि भूमि के मुआवजे के रूप में मिली करीब 8 करोड़ रुपये की राशि नोएडा स्थित बैंक शाखा में जमा कराई थी। आरोप है कि बैंक के अधिकारियों और प्रबंधन ने साजिश कर इस रकम का दुरुपयोग कर लिया।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने जमाकर्ताओं के पैसे से हापुड़ के ग्राम ततारपुर में करीब 19.59 हेक्टेयर जमीन खरीदी। बाद में बैंक का लाइसेंस रद्द होने के बावजूद इस संपत्ति को कथित रूप से अन्य लोगों के नाम कर दिया गया। यहां तक कि वर्ष 2025 में इस जमीन को एक बिल्डर को बेचने का भी आरोप है।
थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक षड्यंत्र सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



