गुलावठी। नगर की प्रतिभाशाली छात्रा ज़ुनेरा आरिफ सैफी ने सीबीएसई बोर्ड की हाईस्कूल (कक्षा 10) परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए 95.2 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। उनकी इस उल्लेखनीय सफलता से न केवल उनके परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई है, बल्कि पूरे क्षेत्र में गर्व और उत्साह का माहौल है।
ज़ुनेरा शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी और अनुशासित छात्रा रही हैं। उनकी मेहनत, लगन और आत्मविश्वास ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है। परिवारजनों और परिचितों का कहना है कि ज़ुनेरा ने अपनी सफलता से यह साबित कर दिया कि निरंतर प्रयास और सकारात्मक सोच से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
ज़ुनेरा के पिता डॉ. आरिफ सैफी, जो पेशे से फिजियोथैरेपिस्ट हैं, और उनकी माता, जो हापुड़ जनपद में सरकारी शिक्षिका के रूप में कार्यरत हैं, बेटी की इस उपलब्धि से बेहद गर्व महसूस कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि जुबेरा ने हमेशा पढ़ाई को प्राथमिकता दी और पूरे समर्पण के साथ अपनी तैयारी की।
परिजनों के अनुसार, ज़ुनेरा की इस सफलता को ईश्वर की कृपा और उसकी कड़ी मेहनत का परिणाम माना जा रहा है। इस उपलब्धि के बाद घर में बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
ज़ुनेरा आगे चलकर उच्च शिक्षा प्राप्त कर देश सेवा के क्षेत्र में अपना योगदान देना चाहती हैं। उनकी इस सफलता ने अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणा का काम किया है।
नगरवासियों ने ज़ुनेरा को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं और उनकी इस उपलब्धि को क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण बताया है।



