बुलंदशहर। गुलावठी क्षेत्र के बसन्ती देवी ग्लोबल स्कूल की मेधावी छात्रा तनिशा हसन ने सीबीएसई हाईस्कूल की परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। अकबरपुर निवासी तनिशा हसन ने 96.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पूरे गुलावठी क्षेत्र में प्रथम स्थान हासिल किया है।
परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद छात्रा के घर और स्कूल में खुशी का माहौल है। छात्रा के पिता हमेद हसन और माता सैयदा बानों ने अपनी बेटी की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की है। छात्रा ने अपनी इस बड़ी सफलता का श्रेय अपने शिक्षकों के मार्गदर्शन और अपने माता-पिता के सहयोग को दिया है।
बसंती देवी ग्लोबल स्कूल की प्रिंसिपल सीमा तोमर ने इसे बड़े ही गर्व का विषय बताया है कि उनके स्कूल की छात्रा ने पूरे कस्बे में सीबीएसई बोर्ड में टॉप किया है। इस उपलब्धि पर स्कूल की प्रिंसिपल व तमाम टीचरों ने अच्छे परसेंटेज पाने वाले बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस दौरान समस्त स्टाफ में मिठाई बाटकर खुशियां मनाई गई।
विद्यालय प्रबंधन ने छात्रा की इस ऐतिहासिक सफलता की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की इस छात्रा की उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि लगन और कड़ी मेहनत से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने भी छात्रा को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।



