Banga Electronics

Kidszee

हापुड़ : शौक नवाबों के, धंधा चोरी का: लग्जरी लाइफ की चाहत में सगे भाई-बहन और सहेली ने व्यापारी के घर डाला डाका

- टिम्बर व्यापारी के घर हुई बड़ी चोरी का खुलासा: हापुड़ पुलिस ने भाई-बहन और उनकी सहेली को किया गिरफ्तार

- ब्रांडेड कपड़े और महंगे मोबाइल के शौक ने बनाया अपराधी; ईशा ने रची थी घर की 'भेदी' बनकर साजिश

Report By: Nadeem Naqvi 
हापुड़। 'शौक बड़ी चीज है', लेकिन जब ये शौक अपनी हैसियत से बाहर हो जाएं तो इंसान को अपराध की दलदल में धकेल देते हैं। ऐसा ही एक सनसनीखेज मामला थाना देहात क्षेत्र की इन्द्रलोक कॉलोनी में सामने आया है, जहां लग्जरी लाइफस्टाइल, ब्रांडेड कपड़े और महंगे मोबाइल की चाहत में सगे भाई-बहन और उनकी एक सहेली ने मिलकर एक टिम्बर व्यापारी के घर में लाखों की चोरी को अंजाम दे डाला। पुलिस ने बृहस्पतिवार को इस वारदात का सफल अनावरण करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

मात्र एक घंटे में साफ कर दिया था घर
बीती 24 मार्च को इन्द्रलोक कॉलोनी निवासी टिम्बर व्यापारी कुलदीप गोयल के घर उस समय हड़कंप मच गया था, जब उनकी मां और पत्नी मोनिका गोयल महज एक घंटे के लिए चंडी मंदिर दर्शन करने गई थीं। इसी बीच चोरों ने घर का ताला खोलकर अलमारी और तिजोरी में रखे 8 लाख रुपये नगद और भारी मात्रा में सोने-चांदी के जेवरात पार कर दिए थे। जब महिलाएं वापस लौटीं, तो घर का सामान बिखरा देख उनके होश उड़ गए।

सहेली ही निकली 'आस्तीन का सांप'
पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि इस पूरी साजिश की मास्टरमाइंड व्यापारी की पड़ोसी और उनकी पत्नी की सहेली ईशा गुप्ता थी। ईशा अक्सर कुलदीप के घर आती-जाती थी, जिसके कारण उसे घर की चाबियां रखने की गुप्त जगह का पता चल गया था। ईशा ने अपनी सहेली शालिनी उर्फ शालू के साथ मिलकर चोरी का प्लान बनाया। शालिनी ने अपने भाई आकाश और मन्नू को भी इस काली कमाई के लालच में शामिल कर लिया।

पुलिस की कार्रवाई और बरामदगी
सीओ बरुण मिश्रा ने बताया कि थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार की टीम ने मुखबिर की सूचना पर दोयमी धनौरा बाइपास के पास से ईशा गुप्ता निवासी इन्द्रलोक कॉलोनी, शालिनी उर्फ शालू निवासी गंगापुरा, आकाश निवासी गंगापुरा तीन आरोपियों को दबोचा।
पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के आभूषण, 11 हजार रुपये की नगदी, आधार कार्ड और बैंक पासबुक बरामद की है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे शादियों में मेकअप और मेहंदी का काम करते हैं, लेकिन महंगे शौक पूरे करने के लिए उन्होंने चोरी का रास्ता चुना।

एक आरोपी अभी भी फरार
वारदात में शामिल शालिनी का दूसरा भाई मन्नू अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर है। पुलिस का कहना है कि मन्नू ही वह व्यक्ति था जो घर के अंदर घुसा था। उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल, पकड़े गए तीनों आरोपियों को विधिक कार्रवाई के बाद जेल भेज दिया गया है।