Banga Electronics

Kidszee

हापुड़ के बेटे के कंधों पर सजे 'डीएसपी' के सितारे: बाबूगढ़ छावनी के देशराज सिंह का पुलिस महकमे में बढ़ा कद

- शामली एसपी ने कंधे पर सितारे लगाकर नवाजा; ईमानदारी और तेज-तर्रार कार्यशैली का मिला ईनाम

- 1997 में सब-इंस्पेक्टर के रूप में हुए थे भर्ती, जांच अधिकारी के रूप में हाई-प्रोफाइल मामलों का कर चुके हैं खुलासा

हापुड़। कहते हैं कि यदि इरादे नेक और हौसले बुलंद हों, तो कामयाबी के शिखर तक पहुँचने से कोई नहीं रोक सकता। जनपद हापुड़ के बाबूगढ़ छावनी निवासी और वर्तमान में शामली क्राइम ब्रांच के प्रभारी देशराज सिंह ने इस बात को चरितार्थ कर दिखाया है। उनकी कर्तव्यनिष्ठा और बेदाग छवि को देखते हुए शासन के निर्देश पर उन्हें पुलिस उपअधीक्षक (DSP) के पद पर प्रोन्नत किया गया है।
बृहस्पतिवार को जनपद शामली के पुलिस अधीक्षक ने देशराज सिंह के कंधों पर स्टार लगाकर उन्हें नई जिम्मेदारी की बधाई दी। इस खबर के बाद उनके पैतृक निवास बाबूगढ़ में जश्न का माहौल है और क्षेत्रवासी इसे जनपद का गौरव बता रहे हैं।
1997 से शुरू हुआ सफर, चुनौतियों को बनाया अवसर
देशराज सिंह वर्ष 1997 में सब-इंस्पेक्टर (SI) के रूप में पुलिस विभाग में भर्ती हुए थे। अपने लगभग 27 साल के कार्यकाल के दौरान उन्होंने अलीगढ़, आगरा, मथुरा, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और शामली जैसे संवेदनशील जनपदों में विभिन्न पदों पर सेवाएं दीं। वह अपनी कठोर कार्यशैली और अपराधियों पर नकेल कसने के लिए विभाग में 'तेज-तर्रार' अधिकारी के रूप में जाने जाते हैं।
जांच में लोहा मान चुका है शासन
सहारनपुर के थाना नागल सहित कई थानों में प्रभारी निरीक्षक रहते हुए उन्होंने न केवल अपराध पर नियंत्रण पाया, बल्कि आम जनता और मातृशक्ति के बीच पुलिस की छवि को भी सुधारा। उनकी काबिलियत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सहारनपुर के एक बेहद हाई-प्रोफाइल मामले में शासन ने उन्हें विशेष जांच अधिकारी नियुक्त किया था। अपनी ईमानदारी के दम पर उन्होंने उस जटिल मामले का खुलासा कर 'दूध का दूध और पानी का पानी' कर दिया था।
क्षेत्र में सम्मान और लोकप्रियता
एक सख्त पुलिस अधिकारी होने के साथ-साथ देशराज सिंह अपने सरल स्वभाव और संभ्रांत लोगों को सम्मान देने के लिए भी पहचाने जाते हैं। उनके पुराने कार्यक्षेत्रों के लोग आज भी उन्हें उनकी न्यायप्रियता के लिए याद करते हैं। वर्तमान में वह शामली क्राइम ब्रांच प्रभारी के रूप में तैनात हैं और अब डीएसपी के रूप में प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था में अपना योगदान देंगे। उनकी इस उपलब्धि पर बाबूगढ़ छावनी के निवासियों और उनके शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।