Report By: Nadeem Naqvi
हापुड़। थाना देहात क्षेत्र में स्थित वर्णित गैस एजेंसी के बाहर उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब गैस सिलेंडर लेने पहुंचे उपभोक्ताओं को सिलेंडर नहीं मिला। घंटों इंतजार के बाद भी गैस उपलब्ध न होने से नाराज उपभोक्ताओं ने एजेंसी के बाहर जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
बताया जा रहा है कि गैस सिलेंडर न मिलने से परेशान उपभोक्ताओं और एजेंसी कर्मियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। आरोप है कि स्थिति बिगड़ती देख एजेंसी का एक कर्मचारी मौके से फरार हो गया। वहीं, कुछ महिला उपभोक्ताओं ने एजेंसी कर्मियों पर अभद्र व्यवहार करने के भी गंभीर आरोप लगाए हैं।
उपभोक्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी की जा रही है और उन्हें 2000 रुपये तक में बेचा जा रहा है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
हंगामे के दौरान उपभोक्ताओं ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि एजेंसी के बाहर एक सूचना चस्पा की गई थी, जिसमें लिखा था कि 1 अप्रैल को सर्वर खराब होने के कारण कार्य नहीं किया जाएगा और 2 अप्रैल से कार्य सुचारु रूप से शुरू होगा। बावजूद इसके बड़ी संख्या में उपभोक्ता गैस लेने पहुंचे, जिससे अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न हो गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है, इससे पहले भी एजेंसी कर्मियों पर महिला उपभोक्ताओं से अभद्रता के आरोप लग चुके हैं। उपभोक्ताओं ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।



