Banga Electronics

Kidszee

हापुड़- बिजली समस्याओं को लेकर किसानों का बड़ा प्रदर्शन, भाकियू संघर्ष अराजनैतिक का अधीक्षण अभियंता कार्यालय घेराव का ऐलान, नगर पालिका से होगा मार्च


Report By: Nadeem Naqvi 
हापुड़। जनपद में किसानों की बिजली से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर आज भारतीय किसान यूनियन संघर्ष अराजनैतिक द्वारा बड़े आंदोलन का ऐलान किया गया है। संगठन के आह्वान पर गुरुवार को हापुड़ तहसील क्षेत्र के किसान अधीक्षण अभियंता कार्यालय का घेराव करेंगे।

भाकियू संघर्ष अराजनैतिक के पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष पदम सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि क्षेत्र के किसानों को लंबे समय से बिजली आपूर्ति, बिलिंग, ट्रांसफार्मर खराबी और अन्य तकनीकी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इन समस्याओं के समाधान के लिए कई बार संबंधित अधिकारियों से संपर्क किया गया, लेकिन संतोषजनक कार्रवाई नहीं होने के कारण अब आंदोलन का रास्ता अपनाया गया है।

उन्होंने बताया कि सभी किसान साथी गुरुवार को नगर पालिका हापुड़ परिसर में एकत्रित होंगे। इसके बाद एकजुट होकर अधीक्षण अभियंता कार्यालय की ओर कूच करेंगे और वहां घेराव कर अपनी समस्याओं को जोरदार तरीके से उठाएंगे।

संगठन ने किसानों से अपील की है कि जिनकी भी बिजली से संबंधित कोई समस्या है, वे उसे लिखित रूप में साथ लेकर आएं, ताकि अधिकारियों के समक्ष व्यवस्थित तरीके से प्रस्तुत किया जा सके।

पदम सिंह ने सभी कार्यकर्ताओं और किसानों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर आंदोलन को सफल बनाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं के समाधान तक संघर्ष जारी रहेगा।

इस प्रस्तावित घेराव को लेकर प्रशासन भी सतर्क हो गया है और सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।