Banga Electronics

Kidszee

हापुड़- नकली टमाटर सॉस फैक्ट्री पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की छापेमारी, फैक्ट्री में मिलावटी टमाटर सॉस तैयार कर बाजार में किया जा रहा था सप्लाई

Report By: Nadeem Naqvi 
हापुड़। थाना देहात क्षेत्र के पन्नापुरी में नकली टमाटर सॉस बनाने की सूचना पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक फैक्ट्री पर छापेमारी की। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया।
खाद्य सुरक्षा आयुक्त सुनील कुमार के अनुसार, विभाग को लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि पन्नापुरी स्थित एक फैक्ट्री में मिलावटी टमाटर सॉस तैयार कर बाजार में सप्लाई किया जा रहा है। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विशेष टीम गठित की गई और बुधवार को मौके पर छापा मारा गया।
छापेमारी के दौरान टीम को बड़ी मात्रा में ड्रमों में भरा संदिग्ध तरल पदार्थ मिला। प्रारंभिक जांच में इन ड्रमों में रंग और एसिड जैसे पदार्थ होने की आशंका जताई जा रही है। इसके अलावा मौके से तैयार सॉस, कच्चा माल और निर्माण में प्रयुक्त उपकरण भी बरामद किए गए।

विभागीय टीम ने सभी संदिग्ध पदार्थों के नमूने एकत्र कर प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि सॉस में किस प्रकार की मिलावट की जा रही थी और यह मानव स्वास्थ्य के लिए कितना हानिकारक है।

खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि जांच में मिलावट की पुष्टि होती है तो फैक्ट्री संचालकों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।