गाजियाबाद। वेव सिटी थाना क्षेत्र के बम्हेटा इलाके से एक व्यक्ति के बिना बताए कहीं चले जाने का मामला प्रकाश में आया है। लापता व्यक्ति की पत्नी ज्योति ने स्थानीय थाने में प्रार्थना पत्र देकर अपने पति की तलाश करने की गुहार लगाई है।
ज्योति ने पुलिस को बताया कि वह 7 अप्रैल को सुबह सवा नौ बजे परीक्षा देने गई थी। उस समय उसके पति रिंकू सिंह घर पर ही थे। रात आठ बजे जब वह घर लौटी तो पति वहां नहीं मिले। मकान मालकिन से पूछताछ करने पर पता चला कि वह शाम साढ़े पांच बजे तक घर पर ही थे। तलाश करने पर घर से रिंकू के कुछ कपड़े और गुल्लक भी गायब मिले हैं।
पीड़िता का आरोप है कि उसके ससुराल पक्ष के लोग इस मामले में कुछ छिपा रहे हैं। जब उसने उनसे संपर्क करने की कोशिश की तो उन्होंने फोन करने से मना कर दिया और कोई जानकारी साझा नहीं की। फिलहाल पुलिस हुलिए के आधार पर लापता रिंकू सिंह की तलाश कर रही है। रिंकू की उम्र 34 वर्ष है और वह ओला में कार चलाने का काम करते हैं।



