Banga Electronics

Kidszee

हापुड़- बंद घर पर चोरों का धावा, लाखों के जेवरात व नगदी चोरी, पुलिस जांच में जुटी


Report By: Nadeem Naqvi 
हापुड़। पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के मौहल्ला सद्दीकपुरा में अज्ञात चोरों ने एक बंद पड़े घर को निशाना बनाते हुए बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोर घर का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे और लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण तथा नगदी चोरी कर फरार हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सद्दीकपुरा निवासी आदिल पुत्र निसार अपने परिवार के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए घर से बाहर गए हुए थे। घर के सूना होने का फायदा उठाते हुए चोरों ने पहले मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और फिर आराम से घर के अंदर घुसकर कीमती सामान खंगाल डाला। चोरों ने अलमारी और बक्सों को तोड़कर उनमें रखे सोने-चांदी के जेवरात और हजारों रुपये की नगदी पर हाथ साफ कर दिया।

बताया जा रहा है कि वारदात को अंजाम देने के बाद चोर मौके से फरार हो गए। जब पीड़ित परिवार वापस लौटा तो घर का दरवाजा टूटा हुआ देखकर उनके होश उड़ गए। अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था और कीमती वस्तुएं गायब थीं। इसके बाद पीड़ित ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पिलखुवा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि चोरों का सुराग लगाया जा सके।

थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान ने बताया कि घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच कर उचित कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।