Banga Electronics

Kidszee

हापुड़- स्कूल प्रबंधक पर अभद्रता, जातिसूचक टिप्पणी और मारपीट का आरोप, डीएम से की शिकायत


Report By: Nadeem Naqvi 
हापुड़। थाना हापुड़ नगर क्षेत्र के ग्राम शिवगढ़ी निवासी एक मजदूर ने हाफिजपुर स्थित एक निजी स्कूल के प्रबंधक पर गंभीर आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से शिकायत की है। पीड़ित ने प्रबंधक पर अभद्र व्यवहार, जातिसूचक टिप्पणी और मारपीट करने का आरोप लगाया है।

पीड़ित मोनू पुत्र बल्लू ने बताया कि उसका पुत्र अयान जेपी पब्लिक स्कूल, थाना हाफिजपुर के सामने, बुलंदशहर रोड में पढ़ता है और स्कूल बस से ही आता-जाता है। आरोप है कि 2 फरवरी 2026 को स्कूल बस चालक ने बच्चे को बुलंदशहर रोड पर उतार दिया, जहां एक अज्ञात वाहन की टक्कर से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में बच्चे के घुटने में गंभीर चोट आई, जिसके चलते उसे अस्पताल में भर्ती कर सर्जरी करानी पड़ी।

पीड़ित के अनुसार, घटना के बाद उसने स्कूल प्रबंधन से शिकायत की तो प्रबंधक ने मामले को दबाने का दबाव बनाया और इलाज का खर्च उठाने का आश्वासन दिया। डॉक्टर की सलाह पर बच्चा करीब ढाई महीने तक बेड रेस्ट पर रहा।

मोनू का आरोप है कि 9 अप्रैल 2026 को जब वह स्कूल पहुंचकर बस शुल्क में राहत की बात करने लगा तो प्रबंधक भड़क गया और उसके साथ अभद्रता की। आरोप है कि इस दौरान प्रबंधक ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए उसे अपमानित किया और मारपीट कर स्कूल से बाहर निकाल दिया। साथ ही धमकी दी कि भविष्य में स्कूल के आसपास नजर आए तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।

पीड़ित ने बताया कि वह इस घटना से भयभीत है और न्याय की गुहार लगाते हुए जिलाधिकारी से आरोपी स्कूल प्रबंधक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पीड़ित ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर मामले में क्या कदम उठाता है।