Banga Electronics

Kidszee

हापुड़ : थाना देहात पुलिस ने इंद्रलोक चोरी कांड का किया पूरा खुलासा: मुख्य आरोपी मन्नू गिरफ्तार




- चोरी के जेवर पर फाइनेंस कंपनी से लिया था 5 लाख का लोन, भाई-बहन समेत तीन पहले ही जा चुके हैं जेल।

- आरोपी के कब्जे से 3 लाख 80 हजार रुपये की नकदी, घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद।

हापुड़। थाना देहात पुलिस ने इंद्रलोक कॉलोनी स्थित टिम्बर व्यापारी कुलदीप गोयल के घर हुई बड़ी चोरी की वारदात का पूरी तरह खुलासा कर दिया है। पुलिस ने घटना के मुख्य आरोपी मन्नू सिंह को गोदी सलाई अंडरपास के पास से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। मन्नू की गिरफ्तारी के साथ ही इस पूरे गिरोह का पर्दाफाश हो गया है, क्योंकि पुलिस उसके भाई आकाश, बहन शालू और उनकी दोस्त ईशा गुप्ता को पहले ही जेल भेज चुकी है।
बता दें कि यह सनसनीखेज वारदात कुछ समय पूर्व उस समय हुई थी जब व्यापारी की मां और पत्नी चंडी मंदिर दर्शन करने गई थीं। चोरों ने मात्र एक घंटे के अंतराल में घर का ताला तोड़कर तिजोरी से करीब 8 लाख रुपये की नकदी और भारी मात्रा में सोने-चांदी के जेवरात साफ कर दिए थे। जब महिलाएं वापस लौटीं तो बेडरूम की लाइट जलती मिली और अलमारी का दरवाजा खुला देखकर उनके होश उड़ गए।
इस मामले में पुलिस ने पहले ही मन्नू के भाई आकाश, बहन शालिनी उर्फ शालू और ईशा गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया था। जांच में सामने आया कि ब्रांडेड कपड़े, महंगे मोबाइल और लग्जरी लाइफ के शौक को पूरा करने के लिए इन भाई-बहनों ने जुर्म का रास्ता चुना था। ईशा गुप्ता, जो पीड़ित की पड़ोसी थी, उसने घर की रेकी की और जानकारी अपने साथियों को दी थी।
ताजा कार्रवाई में पकड़े गए मुख्य आरोपी मन्नू सिंह ने बेहद शातिर तरीका अपनाया था। उसने चोरी के आभूषणों को अपना बताकर फ्रीगंज रोड स्थित मुथूट फाइनेंस में गिरवी रख दिया और वहां से 5 लाख 8 हजार रुपये का लोन ले लिया। पुलिस ने मन्नू के कब्जे से 3 लाख 80 हजार रुपये की नकदी और घटना में इस्तेमाल की गई एक पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है।
थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार के नेतृत्व में व.उ.नि. परवेज चौधरी, उ.नि. सूरजपाल सिंह और उनकी टीम ने इस गुत्थी को सुलझाया। पुलिस के अनुसार, इस गिरोह के पकड़े जाने से क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर लगाम लगेगी। फिलहाल पुलिस ने पकड़े गए मुख्य आरोपी मन्नू सिंह के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया है।