Report By: Nadeem Naqvi
हापुड़। मिशन शक्ति के अंतर्गत आयोजित नारी शक्ति वंदन सम्मेलन के तहत थाना पिलखुवा में एक प्रेरणादायक पहल देखने को मिली। कार्यक्रम के दौरान दर्शना द स्कूल की कक्षा-8 की छात्रा पूर्वी शर्मा को एक दिन के लिए थाना प्रभारी बनाया गया। पूर्वी, भोलपुरी निवासी शलभ शर्मा की पुत्री हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान द्वारा पूर्वी शर्मा को थाना प्रभारी की कुर्सी पर बैठाकर किया गया। इस दौरान पूर्वी ने पूरे आत्मविश्वास के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाई। उन्होंने महिला हेल्प डेस्क पर पहुंची तीन फरियादियों की शिकायतें सुनीं और महिला पुलिसकर्मियों के माध्यम से उनका त्वरित निस्तारण कराया।
इसके साथ ही पूर्वी शर्मा ने थाना परिसर के विभिन्न हिस्सों जैसे CCTNS कक्ष, मालखाना और हवालात का निरीक्षण भी किया। इस अनुभव से उन्हें पुलिस कार्यप्रणाली की बारीकियों को समझने का अवसर मिला।
थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान ने बताया कि ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य बेटियों को कानून और पुलिस व्यवस्था के प्रति जागरूक करना तथा उनमें आत्मविश्वास बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि पुलिस चाहती है कि हर बेटी थाने को अपना सुरक्षित स्थान समझे।
कार्यक्रम का संचालन मिशन शक्ति प्रभारी उपनिरीक्षक रेखा भदौरिया ने किया। उन्होंने छात्रा को जीडी लेखन, साइबर क्राइम और पॉक्सो एक्ट से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां विस्तार से दीं।
पूर्वी शर्मा ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि पुलिस की वर्दी केवल रौब का प्रतीक नहीं, बल्कि जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने भविष्य में आईपीएस अधिकारी बनकर देश सेवा करने की इच्छा जताई।
इस अवसर पर स्कूल के शिक्षक रोहताश और नूपुर गुप्ता सहित अन्य छात्र-छात्राएं भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में थाना प्रभारी द्वारा पूर्वी शर्मा को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में उपनिरीक्षक रेखा भदौरिया, सुजाता, अंशु चौधरी, हेड कांस्टेबल सुनीता सिरोही, महिला आरक्षी रेनू त्यागी व हेमलता सहित अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।



