Report By: Nadeem Naqvi
हापुड़। बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गोहरा गांव में कार सवार आधा दर्जन से अधिका दबंगों ने दिनदहाड़े एक सब्जी विक्रेता पर हमला कर जमकर मारपीट की और उसकी दुकान में तोड़फोड़ कर दी। इतना ही नहीं, इलाके में दहशत फैलाने के लिए आरोपियों ने तमंचे से हवाई फायरिंग भी की। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, गांव के ही आकाश नामक युवक की सब्जी की दुकान है। आकाश ने गांव के अमित कुमार को करीब 80 हजार रुपए उधार दिए थे, जिसे अमित लौटाने में टालमटोल कर रहा था।
बुधवार देर रात करीब नौ बजे आकाश ने अमित से फिर अपने रुपए मांगे। इसी बात पर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। कुछ ही देर बाद अमित कुमार अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और पहले गाली-गलौज की। इसके बाद उन्होंने विक्रेता के साथ मारपीट शुरू कर दी और उसकी दुकान में जमकर तोड़फोड़ की।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बदमाशों ने तमंचे से कई राउंड हवाई फायरिंग कर इलाके में भय का माहौल बना दिया। अचानक हुई इस घटना से आसपास के लोग दहशत में आ गए और अपने घरों व दुकानों में छिपने को मजबूर हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने दो नामजद और छह से सात अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बाबूगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक मुनीश चौहान ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन कर दिया गया है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



