Banga Electronics

Kidszee

हापुड़- स्मार्ट मीटर को लेकर बढ़ा विवाद, महिलाओं का प्रदर्शन, बिजली विभाग के खिलाफ फूटा गुस्सा


Report By: Nadeem Naqvi 
हापुड़। स्मार्ट मीटर के विरोध में नगर कोतवाली क्षेत्र के आवास विकास में बिजली समस्याओं से नाराज़ महिलाओं ने अधीक्षण अभियंता कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर आक्रोश जाहिर किया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि उनके घरों में बिना अनुमति प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगा दिए गए हैं। मीटर लगने के बाद बिजली बिल पहले की तुलना में काफी अधिक आ रहा है, जिससे आम उपभोक्ताओं पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है। साथ ही, बैलेंस समाप्त होते ही तुरंत बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती है, जिससे दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है।
उपभोक्ताओं का आरोप है कि कई बार बिना किसी पूर्व सूचना के ही बिजली काट दी जाती है। इससे बच्चों की पढ़ाई, घरेलू कार्य और अन्य जरूरी गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। लोगों ने अपनी शिकायत में उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम, 2003 की धारा 47 का हवाला देते हुए कहा कि बिना सहमति इस प्रकार के मीटर लगाना नियमों के विरुद्ध है।

इसी बीच, आवास विकास क्षेत्र में बिजली समस्या को लेकर महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में महिलाओं ने अधीक्षण अभियंता कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और सड़क पर जाम लगाकर विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों ने बिजली आपूर्ति में सुधार और स्मार्ट मीटर की समस्याओं के समाधान की मांग की।

निवासियों ने अधीक्षण अभियंता सुभाष चंद्र से मांग की है कि लगाए गए स्मार्ट मीटरों को हटाकर पुराने मीटर पुनः स्थापित किए जाएं, ताकि उन्हें राहत मिल सके। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

अधीक्षण अभियंता सुभाष चंद्र ने मामले में सफाई देते हुए कहा कि स्मार्ट मीटर शासन की योजना के तहत लगाए जा रहे हैं और इसका उद्देश्य बिजली व्यवस्था को पारदर्शी व बेहतर बनाना है। उन्होंने कहा कि मीटर पूरी तरह से मानकों के अनुरूप हैं और बिलिंग सिस्टम भी सटीक है।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं को मीटर संबंधी पूरी जानकारी दी जा रही है और किसी प्रकार की तकनीकी समस्या होने पर विभाग तत्काल समाधान के लिए तैयार है। यदि किसी उपभोक्ता को बिल या मीटर को लेकर शिकायत है, तो वह विभाग में शिकायत दर्ज करा सकता है, जिसका प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाएगा। इस दौरान सुरक्षा के मद्देनज़र पुलिस बल भी मौजूद रहा।

इस मौके पर पवन भास्कर पार्षद, संजीव शर्मा, मोनू कुमार, उषा शर्मा, अमित चौधरी, पुनीत कुमार आदि लोग मौजूद रहे।