Report By: Nadeem Naqvi
हापुड़। अपना समाज सामाजिक संगठन हापुड़ द्वारा भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती बड़े ही हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारियों व सदस्यों ने विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित कर बाबा साहेब के विचारों का प्रचार-प्रसार किया।
कार्यक्रम के दौरान संगठन की ओर से बाबा साहेब एवं भगवान बुद्ध की ब्रॉन्ज प्रतिमाएं वितरित की गईं। साथ ही उनके समानता, शिक्षा और भाईचारे के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।
इस मौके पर संगठन के पदाधिकारियों का विभिन्न स्थानों पर युवाओं एवं सामाजिक संगठनों द्वारा माला पहनाकर और शील्ड देकर भव्य स्वागत व सम्मान किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी सदस्यों ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जतिन आजाद ने कहा कि बाबा साहेब केवल भारत ही नहीं बल्कि पूरे विश्व की धरोहर हैं। उन्होंने शिक्षा, समानता और अधिकारों के लिए जो संघर्ष किया, वह आज भी प्रेरणादायक है। उन्होंने “संघर्ष करो, संगठित रहो, शिक्षित बनो” का संदेश देकर समाज को एक नई दिशा दी।
वहीं ललित एडवोकेट ने कहा कि बाबा साहेब का यह विचार कि “शिक्षा शेरनी का वह दूध है, जो पिएगा वह दहाड़ेगा” आज भी उतना ही प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने सभी वर्गों और समुदायों के उत्थान के लिए कार्य किया और देश को दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक संविधान प्रदान किया।
कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित लोगों ने एकजुट होकर बाबा साहेब के आदर्शों को अपनाने और समाज में समानता एवं शिक्षा के प्रसार का संकल्प लिया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से लवसागर प्रधान, अरुण कुमार, पिंटू सागर, पप्पी, बंटी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



