Report By: Nadeem Naqvi
हापुड़। जनपद में आगामी 29 अप्रैल को प्रस्तावित गंगा एक्सप्रेसवे के भव्य उद्घाटन को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में डीएम कविता मीना ने विभिन्न स्थलों का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने कार्यक्रम स्थल, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई, पार्किंग एवं वीआईपी व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि उद्घाटन कार्यक्रम को सफल एवं व्यवस्थित बनाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
डीएम ने कहा कि कार्यक्रम में उच्च स्तरीय जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की उपस्थिति संभावित है, इसलिए सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी जाए। साथ ही, उन्होंने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष प्लान तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
स्वच्छता को लेकर भी डीएम ने विशेष जोर देते हुए नगर पालिका एवं संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम स्थल एवं उसके आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा पेयजल, शौचालय एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता भी सुनिश्चित करने को कहा गया।
डीएम कविता मीना ने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन जनपद के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है। इसको लेकर सभी विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे दिए गए हैं। हमारा प्रयास है कि कार्यक्रम पूरी तरह सुव्यवस्थित, सुरक्षित और सफलतापूर्वक संपन्न हो। सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें और तय समय सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूर्ण कर लें।



