Banga Electronics

Kidszee

हापुड़- अवैध अतिक्रमण के खिलाफ पालिका की कार्रवाई, कई स्थानों से हटाया गया कब्जा


Report By: Nadeem Naqvi 
हापुड़। नगर क्षेत्र में बढ़ते अवैध अतिक्रमण को लेकर नगर पालिका परिषद ने सख्त रुख अपनाते हुए बुधवार को व्यापक अभियान चलाया। इस दौरान पालिका की टीम ने नगर के अम्बेडकर चौराहे के पास सड़क पर किए गए अवैध कब्जों को हटवाया। अभियान के चलते अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया और कई लोगों ने स्वयं ही अपना सामान हटाना शुरू कर दिया।
यह कार्रवाई राजस्व निरीक्षक सुनील कुमार के नेतृत्व में की गई, जिसमें पालिका के अन्य कर्मचारी एवं पुलिस बल भी मौजूद रहा। टीम ने रोड किनारे लगे ठेले-खोखे और दुकानों के बाहर फैलाई गई सामग्री को हटवाते हुए सख्त चेतावनी दी कि दोबारा अतिक्रमण करने पर जुर्माना और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पालिका की इस कार्रवाई के दौरान कई स्थानों से स्थायी अतिक्रमण को हटाया गया। साथ ही दुकानदारों को निर्धारित सीमा के भीतर ही व्यापार करने के निर्देश दिए गए।

राजस्व निरीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि नगर क्षेत्र में लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर यह अभियान चलाया गया है। उन्होंने कहा कि नगर को साफ-सुथरा और व्यवस्थित बनाए रखना हमारी प्राथमिकता है। सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिन लोगों ने नियमों का उल्लंघन किया है, उनके खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। आगे भी यह अभियान निरंतर चलता रहेगा।

उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग नगर पालिका के नियमों का पालन करें और स्वयं भी अतिक्रमण से बचें, ताकि शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।