Report By: Nadeem Naqvi 
हापुड़। गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र के तीर्थ नगरी ब्रजघाट में गंगा स्नान के दौरान डूबे 21 वर्षीय युवक का शव बुधवार को गोताखोरों ने बृजघाट से करीब एक किलोमीटर आगे गंगा नगर के सामने से बरामद कर लिया। युवक के शव के मिलने से परिवार में कोहराम मच गया, वहीं घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

जानकारी के अनुसार, मेरठ के जागृति विहार निवासी दिव्यांश सोमवार को अपनी मौसी शिवांकी के साथ ब्रजघाट गंगा स्नान के लिए आया था। स्नान के दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में चला गया, जिससे वह डूब गया। घटना को देख मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

युवक को डूबता देख उसकी मौसी और आसपास मौजूद श्रद्धालुओं ने शोर मचाया। शोर सुनकर मौके पर तैनात गोताखोर तुरंत गंगा में कूद पड़े और युवक की तलाश शुरू कर दी। हालांकि काफी प्रयासों के बावजूद सोमवार और मंगलवार को युवक का कोई सुराग नहीं लग सका था।

लगातार चलाए जा रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान बुधवार को गोताखोरों ने युवक का शव गंगा से बरामद कर लिया। शव मिलने की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए और उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

कोतवाली प्रभारी देवेंद्र बिष्ट ने बताया कि युवक के डूबने की सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोरों की टीम द्वारा लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा था। काफी प्रयासों के बाद बुधवार को युवक का शव बरामद कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि गंगा स्नान के दौरान सावधानी बरतें और गहरे पानी में जाने से बचें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।