Report By: Nadeem Naqvi
हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम शिवगढ़ी निवासी एक मजदूर ने हाफिजपुर स्थित जेपी पब्लिक स्कूल के प्रबंधक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित ने पूरे मामले की बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) को शिकायत देकर जांच कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीएसए को दिए गए शिकायती पत्र में बताया गया कि शिवगढ़ी निवासी मोनू पुत्र बल्लू का पुत्र अयान जेपी पब्लिक स्कूल, हाफिजपुर में पढ़ता है। 2 फरवरी को स्कूल बस द्वारा बच्चे को बुलंदशहर रोड पर उतार दिया गया, जिसके बाद एक अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में बच्चे के घुटने में गंभीर चोट आई और उसे अस्पताल में भर्ती कर सर्जरी करानी पड़ी।
पीड़ित पिता का आरोप है कि घटना के बाद जब उन्होंने स्कूल प्रबंधन से शिकायत की, तो प्रबंधक ने मामले को दबाने का दबाव बनाया और इलाज का खर्च उठाने का आश्वासन दिया। डॉक्टरों की सलाह पर बच्चा करीब दो से ढाई माह तक बेड रेस्ट पर रहा।
पीड़ित के अनुसार, 9 अप्रैल को वह स्कूल पहुंचा और प्रबंधन से बस शुल्क में राहत की मांग की, क्योंकि उसका बच्चा लंबे समय से स्कूल नहीं गया था। इस पर स्कूल प्रबंधक भड़क गए और उनके साथ अभद्रता करने लगे।
पीड़ित मोनू ने आरोप लगाया कि प्रबंधक ने उनके साथ गाली-गलौज की, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया और मारपीट करते हुए स्कूल से बाहर निकाल दिया। साथ ही धमकी दी कि भविष्य में स्कूल के आसपास दिखाई देने पर अंजाम बुरा होगा। पीड़ित ने बीएसए कार्यालय पहुंचकर स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
बेसिक शिक्षा अधिकारी रितु तोमर ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। शिकायत के आधार पर जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।



