Banga Electronics

Kidszee

हापुड़- अपना समाज सामाजिक संगठन ने अंतर्राष्ट्रीय मज़दूर दिवस पर श्रमिकों का किया सम्मान, गमछा और पानी की बोतल भेंट कर जताया आभार


Report By: Nadeem Naqvi 
हापुड़। देश की प्रगति और विकास में श्रमिक वर्ग की अहम भूमिका को रेखांकित करते हुए अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर नगर क्षेत्र के रामलीला मैदान परिसर में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान समाज के विभिन्न निर्माण कार्यों में लगे मजदूर भाई-बहनों को सम्मानित किया गया और उनके योगदान को सराहा गया।
कार्यक्रम के आयोजकों ने कहा कि सड़क निर्माण, इमारतों के निर्माण, फैक्ट्रियों, कारखानों से लेकर कोयला खदानों तक, हर क्षेत्र में मजदूरों का योगदान सबसे महत्वपूर्ण होता है। उनके कठिन परिश्रम के बिना देश की प्रगति की कल्पना भी संभव नहीं है, लेकिन अक्सर उनके योगदान को नजरअंदाज कर दिया जाता है।

इसी क्रम में मजदूर दिवस के अवसर पर ग्रुप द्वारा एक सराहनीय पहल करते हुए श्रमिकों को भीषण गर्मी से राहत दिलाने के लिए गमछा तथा पानी पीने के लिए पानी की बोतल भेंट की गई। इस पहल से मजदूरों के चेहरों पर खुशी साफ देखने को मिली।

इस अवसर पर जतिन आज़ाद ने कहा कि मजदूर हमारे समाज की रीढ़ हैं। उनके बिना किसी भी विकास कार्य की कल्पना अधूरी है। आज मजदूर दिवस के अवसर पर हम सभी का कर्तव्य है कि हम उनके योगदान को न केवल स्वीकार करें, बल्कि उन्हें सम्मान और सहयोग भी दें। यह छोटा सा प्रयास उनके प्रति हमारी कृतज्ञता का प्रतीक है।

बाबा साहेब को याद करते हुए जतिन आजाद ने कहा कि भारत में मजदूरों के लिए भी बाबा साहेब का योगदान अतुलनीय है बाबा साहेब ने मजदूरों के 12-14 घंटे के कार्य को कम करवाकर 8 घंटे तक करवाया और महिलाओं के लिए मातृत्व अवकाश और उनके काम की व्यवस्था सुधारने पर जोर दिया। और किसी के साथ भी जाति और धर्म के आधार पर शोषण न हो इसके लिए प्रावधान किए।

एडवोकेट ललित ने कहा कि श्रमिकों को केवल मजदूरी ही नहीं, बल्कि सम्मानजनक व्यवहार और सुरक्षित कार्य वातावरण मिलना भी बेहद जरूरी है। हमें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक रहना होगा और समाज में उनके प्रति संवेदनशीलता बढ़ानी होगी। मजदूरों का सम्मान ही सच्चे अर्थों में राष्ट्र निर्माण का सम्मान है।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने संकल्प लिया कि वे श्रमिक वर्ग के हितों की रक्षा करेंगे और उनके योगदान को हमेशा याद रखेंगे।