हापुड़। थाना धौलाना क्षेत्र के गांव देहरा में बीते 9 मई को महाराणा प्रताप जयंती के अवसर पर दो पक्षों के बीच हुए पथराव के मामले में मंगलवार को एक सकारात्मक पहल देखने को मिली। दोनों पक्षों के जिम्मेदार और संभ्रांत लोग एसपी कुंवर ज्ञानेंजय सिंह से मिले। प्रबुद्ध जनों ने एसपी को आश्वस्त किया कि दोनों पक्षों के बीच अब किसी भी प्रकार का कोई मनमुटाव या द्वेष नहीं है और क्षेत्र में पूरी तरह शांति है। एसपी से मिलने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि साठा 84 कोस की इस ऐतिहासिक धरती पर सभी कौम के लोग हमेशा से परस्पर प्रेम और सांप्रदायिक सौहार्द के साथ रहते आए हैं। 9 मई को जो कुछ भी हुआ, वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण था। लेकिन अब दोनों पक्षों के जिम्मेदार लोग आपसी सूझबूझ से माहौल को सामान्य बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं।प्रतिनिधिमंडल ने एसपी से यह मांग भी की कि घटना के बाद पुलिसिया कार्रवाई में किसी भी निर्दोष व्यक्ति को न फंसाया जाए। जो लोग इस पूरे मामले में बेकसूर हैं, उन पर कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं होनी चाहिए, ताकि क्षेत्र का माहौल और बेहतर हो सके। इस दौरान सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष किशन सिंह तोमर, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष उमेश राणा, ब्लॉक प्रमुख निशांत सिसोदिया, राकेश चौधरी, देवेंद्र सिसोदिया, सुबोध सिसोदिया, देवेंद्र शर्मा, हनीफ, अखिल पहलवान, हारून चौधरी, मोबिन प्रधान, बाबू आदि मौजूद रहें।



