Report By: Nadeem Naqvi
हापुड़। जनपद में हाईवे और मुख्य मार्गों पर बढ़ रही मोबाइल लूट की घटनाओं के बीच थाना हाफिजपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक शातिर मोबाइल लुटेरा गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के दो सक्रिय बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 10 लूटे गए मोबाइल फोन, दो चार्जर, अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस, चाकू, नकदी तथा वारदात में इस्तेमाल की जाने वाली बाइक बरामद की है।
थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद चौधरी ने बताया कि अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में पुलिस टीम रामपुर अंडरपास के पास संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। तभी दिल्ली की ओर से एक बाइक आती दिखाई दी, जिस पर दो युवक सवार थे। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों भागने लगे। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कुछ दूरी पर दोनों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान सलीम निवासी खेकड़ी थाना चांदपुर जिला बिजनौर तथा अमन निवासी दीपा जलालपुर जिला बिजनौर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान सलीम के कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो मोबाइल फोन और 600 रुपये नकद बरामद हुए। वहीं अमन के पास से आठ मोबाइल फोन, दो चार्जर, 900 रुपये नकद और एक अवैध चाकू बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी हाईवे और सुनसान मार्गों पर मोबाइल पर बात कर रहे राहगीरों को निशाना बनाते थे। दोनों तेज रफ्तार बाइक से पहुंचकर मोबाइल झपटकर फरार हो जाते थे। पुलिस अब बरामद मोबाइलों के असली मालिकों की तलाश कर रही है तथा गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।



