Report By: Nadeem Naqvi
हापुड़। बहुजन मुक्ति पार्टी ने मंगलवार को चरणबद्ध आंदोलन के दूसरे चरण में घरेलू एवं कमर्शियल गैस, पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और स्मार्ट मीटर के विरोध में नगर पालिका स्थित धरना स्थल पर “चूल्हा जलाओ आंदोलन” आयोजित किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर उपजिलाधिकारी हापुड़ को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।
आंदोलन का नेतृत्व पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एडवोकेट मुकेश कुमार ने किया। वक्ताओं ने कहा कि घरेलू और कमर्शियल गैस की लगातार बढ़ती कीमतों से आम जनता और छोटे कारोबारियों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। छोटे होटल, ढाबे और अन्य व्यवसाय प्रभावित हो रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि बेरोजगारी के बीच सरकार महंगाई बढ़ाकर जनता को परेशान कर रही है। कार्यकर्ताओं ने मांग की कि घरेलू गैस, कमर्शियल गैस, पेट्रोल और डीजल के दाम तत्काल आधे किए जाएं। पार्टी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने मांगें नहीं मानीं तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। बहुजन मुक्ति पार्टी ने 31 मई को पेट्रोल-डीजल की कीमतों के विरोध में “दे धक्का आंदोलन” चलाने की भी घोषणा की।
आंदोलन में अजय प्रताप सिंह एडवोकेट, डॉ. अशोक कुमार, नवरत्न कुमार, सतीश पाल सिंह प्रदेश उपाध्यक्ष बीएमएम, तोता, करण सिंह, वेद प्रकाश, अनिल कुमार, श्यामवीर, रामगोपाल सिंह, शीशपाल सिंह, माया प्रकाश, प्रकाशी देवी, कविता रणबीर, मुकेश देवी, ज्योति, इमरती, मनोज कुमार, रीना, सुखवीर सिंह, प्रसादी लाल, सकीना, शाहिस्ता समेत कार्यकर्ता मौजूद रहे।



