Banga Electronics

Kidszee

हापुड़- करुणा का संदेश, सेवा का संगम, बुद्ध पूर्णिमा पर लज्जापुरी में शरबत छबील बनी राहत की ठंडी छांव


Report By: Nadeem Naqvi 
हापुड़। तथागत गौतम बुद्ध के जन्मोत्सव ‘बुद्ध पूर्णिमा’ के पावन अवसर पर ज़िलें में विभिन्न सामाजिक और सेवा कार्यों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में मोहल्ला लज्जापुरी में समाज सेवा और आपसी सद्भाव का संदेश देते हुए मीठे शरबत की छबील लगाई गई, जिसने भीषण गर्मी में राहगीरों को बड़ी राहत पहुंचाई।
यह कार्यक्रम वार्ड की सभासद उर्मिला और बसपा नेता अशोक कुमार के नेतृत्व में आयोजित किया गया। छबील में राहगीरों और स्थानीय निवासियों को ठंडा व मीठा शरबत वितरित किया गया। गर्मी के इस मौसम में लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए आयोजकों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर अशोक कुमार ने कहा कि भगवान बुद्ध का जीवन शांति, करुणा और मानवता का प्रतीक है। उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज में प्रेम और भाईचारे को बढ़ावा देना ही इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि ऐसे सेवा कार्य समाज को जोड़ने और सकारात्मक संदेश देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम में वार्ड के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और सेवा कार्य में सक्रिय योगदान दिया। छबील के दौरान महेंद्र सिंह, सूरज, गौरव, विशाल, अरुण और रितिक सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। सभी ने उत्साहपूर्वक सेवा करते हुए एक-दूसरे को बुद्ध पूर्णिमा की शुभकामनाएं दीं।

इस आयोजन ने न केवल गर्मी से राहत पहुंचाई, बल्कि समाज में एकता, सहयोग और मानवता का संदेश भी मजबूती से प्रसारित किया।