Report By: Nadeem Naqvi
हापुड़। थाना हापुड़ नगर क्षेत्र में तैनात पुलिस अधिकारियों पर लगे गंभीर आरोपों के बाद विभागीय कार्रवाई तेज हो गई है। डीआईजी मेरठ रेंज को दी गई शिकायत के आधार पर नगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार पांडेय और जदीद चौकी प्रभारी अशोक कुमार को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक पीड़ित व्यक्ति ने 1 मई को डीआईजी मेरठ रेंज को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया था कि पुलिस अधिकारियों ने एक सिविल प्रकृति के मामले में जबरन समझौता कराने का दबाव बनाया। इतना ही नहीं, पीड़ित के साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार भी किया गया। शिकायत में यह भी कहा गया कि उसे लगभग 8 घंटे तक थाने में हवालात के पास अवैध रूप से बैठाकर रखा गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी ने जांच मेरठ के एसपी ग्रामीण बजरंग प्रसाद को सौंपी। जांच के दौरान कोतवाली परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे बंद पाए गए, जिससे संदेह और गहरा गया। एसपी ग्रामीण द्वारा जांच पूरी कर रिपोर्ट डीआईजी को सौंप दी गई, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई।
डीआईजी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी सिविल विवाद में पुलिस द्वारा व्यक्ति को हिरासत में रखना पूरी तरह अनुचित है। साथ ही सभी थानों में लगे सीसीटीवी कैमरों को 24 घंटे चालू रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने सभी अधीनस्थ अधिकारियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसा कोई भी कृत्य बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, जिससे पुलिस विभाग की छवि धूमिल हो। मामले में आगे विस्तृत जांच के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।



