Report By: Nadeem Naqvi
हापुड़। ज़िलें की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से डीएम कविता मीना ने मंगलवार को नगर क्षेत्र के दस्तोई रोड पर स्थित जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने अस्पताल की साफ-सफाई, वार्डों की स्थिति, मरीजों को मिल रही सुविधाओं और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का गहन जायजा लिया।
डीएम ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और उपचार व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। कई स्थानों पर सफाई व्यवस्था संतोषजनक न मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई और तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर उपचार और स्वच्छ वातावरण मिलना चाहिए। लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीएम कविता मीना ने कहा कि जिला अस्पताल में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता और डॉक्टरों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का पूरी ईमानदारी से निर्वहन करें, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान सीएमएस व अन्य स्वास्थ्य अधिकारी मौजूद रहे। डीएम ने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए कि मरीजों की सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी न रहे और सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित की जाएं।



