Report By: Nadeem Naqvi
हापुड़। ज़िलें में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को माह मई की जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी श्रुति शर्मा ने की।
बैठक में अधिशासी अभियंता शैलेन्द्र सिंह, क्षेत्राधिकारी यातायात राहुल यादव, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन रमेश कुमार चौबे, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुनील गुप्ता, यात्रीकर अधिकारी आशुतोष कुमार उपाध्याय, एनएचएआई मुरादाबाद के साईट इंजीनियर हरीश राघव, मैनेजर टैक्ट जयवर्धन सिंह तथा एनएचएआई गाजियाबाद के रसवर्धन सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।
बैठक के दौरान सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन रमेश कुमार चौबे ने सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों और जनपद में हुई सड़क दुर्घटनाओं का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। इस पर अध्यक्ष श्रुति शर्मा ने दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार करने और सभी ब्लैक स्पॉट पर सुधारात्मक कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्गों पर गति सीमा नियंत्रण के लिए ओवरस्पीड कैमरे लगाने का प्रस्ताव भेजने के निर्देश भी दिए। वहीं क्रिटिकल कॉरिडोर पर रम्बल स्ट्रिप, कैटआई और रिपिटिड बार लगाने हेतु पीआईयू मुरादाबाद और गाजियाबाद को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
बैठक में एनएचएआई गाजियाबाद की ओर से जानकारी दी गई कि निजामपुर ब्लैक स्पॉट पर फ्लाईओवर निर्माण का प्रस्ताव स्वीकृत हो चुका है। इसके साथ ही सड़क सुरक्षा नियमों के पालन हेतु प्रवर्तन कार्रवाई तेज करने के निर्देश भी जारी किए गए।
प्रभारी जिलाधिकारी ने सभी टोल प्लाजा पर उपलब्ध एम्बुलेंस और हाईड्रा के रिस्पॉन्स टाइम की जांच के लिए परिवहन एवं पुलिस विभाग को संयुक्त रूप से मॉक ड्रिल आयोजित करने के निर्देश दिए। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी ने बैठक में कैशलेस उपचार योजना की विस्तृत जानकारी भी अधिकारियों को दी।
इसके अतिरिक्त बेसिक शिक्षा अधिकारी और जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देशित किया गया कि विद्यालय बंदी के दौरान सभी स्कूली वाहनों के फिटनेस, परमिट समेत अन्य आवश्यक प्रपत्रों की जांच सुनिश्चित कराई जाए तथा पूर्ण दस्तावेज होने पर ही वाहनों का संचालन किया जाए।
साथ ही पीआईयू मुरादाबाद को निर्देशित किया गया कि सिम्भावली क्षेत्र के आसपास अतिरिक्त एम्बुलेंस और हाईड्रा की व्यवस्था की जाए, ताकि सड़क दुर्घटना की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य समय पर किया जा सके। बैठक में सड़क सुरक्षा संबंधी जनजागरूकता अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया।
अंत में सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन रमेश कुमार चौबे ने सभी अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए बैठक का समापन किया।


