REPORT BY - NAVEEN GAUTAM
मेरठ। बहुजन संस्कृतिकरण संघ के तत्वाधान में तथागत गौतम बुद्ध जी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में मेरठ स्थित सुभारती मेडिकल कॉलेज के ग्राउंड पर रन फॉर पीस 1600 मीटर दौड़ का भव्य आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में लगभग 100 प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया, जिसमें महिला और पुरुष वर्ग के लिए अलग-अलग रेस आयोजित की गई।
प्रतियोगिता के परिणाम
पुरुष वर्ग में जतिन ने 4.43 मिनट के समय के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं विनय (4.44) दूसरे और पारुल यादव (4.47) तीसरे स्थान पर रहे। महिला वर्ग में मनु मलिक ने 6.30 मिनट में दौड़ पूरी कर पहला स्थान झटका, जबकि प्रियंका (7.17) दूसरे और पारुल यादव (8.04) तीसरे स्थान पर रहीं। विजेताओं को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण एक मां-बेटी की जोड़ी रही, जहां बेटी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया और मां चौथे स्थान पर रहीं।
हापुड़ में जल्द होगा आयोजन
संघ के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष एडवोकेट केपी सिंह ने बताया कि सामाजिक एकजुटता और शांति के संदेश के साथ जल्द ही इसी तरह का भव्य कार्यक्रम हापुड़ में भी आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में सभी मुख्य अतिथियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट नानक चंद, महासचिव नवीन गौतम, विधिक सलाहकार एडवोकेट वीपी सिंह, डॉ. कपिल गौतम, मुख्य अतिथि राष्ट्रीय धावक अंकुर कुमार, डॉ. पवन कुमार, सुरेंद्र खेड़ा, तरुण कुमार, सीमांत गौतम, सतेंद्र फौजी, प्रताप लोहिया, गौरव जेवरी, नितिन केन और पंकज कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



