Report By: Nadeem Naqvi
हापुड़। थाना हापुड़ देहात और थाना हापुड़ नगर की संयुक्त पुलिस टीम ने शुक्रवार तड़के हुई मुठभेड़ में 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश को मार गिराया। मारा गया बदमाश व्यापारी के परिवार और चौकीदार को बंधक बनाकर डकैती की सनसनीखेज वारदात में फरार था।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार की रात थाना हापुड़ नगर पुलिस बुलंदशहर रोड पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार पुलिस को देखकर भागने लगा। पीछा किए जाने पर थाना हापुड़ देहात पुलिस को सूचना दी गई। दोनों थानों की टीम ने ग्राम गोदी के पास बदमाश को घेर लिया। खुद को घिरता देख उसने ट्यूबवेल की आड़ लेकर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सीएचसी नगर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान श्याम पुत्र वीरेंद्र निवासी सूरजपुर, थाना पटवाई, जनपद रामपुर के रूप में हुई है। वह एक जून को थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के मोहल्ला गिरधारीनगर में व्यापारी के घर हुई डकैती की घटना में फरार था। उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
मुठभेड़ के दौरान हेड कांस्टेबल मनोज कुमार भी घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके से एक अवैध पिस्टल, जिंदा और खोखा कारतूस तथा एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह के मुताबिक, श्याम के खिलाफ मुरादाबाद समेत विभिन्न जनपदों में डकैती और गैंगस्टर एक्ट के कई मुकदमे दर्ज हैं। एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि बदमाश द्वारा पुलिस पर फायरिंग किए जाने के बाद जवाबी कार्रवाई की गई, जिसमें वह घायल हुआ और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।


