By -Naveen gautam
हापुड़। भीषण और भयंकर गर्मी के इस दौर में मानवता की भलाई और सेवा का एक अनूठा संगम देखने को मिला। बृहस्पतिवार को मेरठ तिराहा स्थित गुरुद्वारा परिसर में सिख समाज के लोगों द्वारा एक विशेष सेवा शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान पूरा माहौल गुरुवाणी के सिमरन और भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।
सिख समाज के सेवादारों ने भीषण तपिश और गर्मी से बेहाल राहगीरों को राहत पहुंचाने के लिए ठंडे-मीठे शरबत और चने का प्रसाद वितरित किया। राहगीरों ने भी इस भीषण गर्मी में इस शीतल प्रसाद को ग्रहण कर बड़ी राहत महसूस की।
इस पुनीत कार्य में मानवता और सेवा भाव के उद्देश्य से बहुजन समाज पार्टी की वरिष्ठ नेता संतोष सिंह भी अपनी पूरी टीम के साथ शामिल हुईं। राजनीति से ऊपर उठकर संतोष सिंह और उनके कार्यकर्ताओं ने गुरुद्वारे में सेवा कर अपना अमूल्य योगदान दिया।
इस अवसर पर वरिष्ठ बसपा नेता संतोष सिंह ने कहा मानवता की सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है। इस भीषण गर्मी में प्यासे को पानी और राहगीरों को शीतलता प्रदान करना हर नागरिक का कर्तव्य है। इस सेवा शिविर को सफल बनाने में सिख समाज के सेवादारों के साथ-साथ बसपा नेता संतोष सिंह की टीम के प्रमुख सहयोगी मुस्तैदी से जुटे रहे। सेवा कार्य में अनिल कुमार, सतीश वर्मा, मोबीन भाई, जितेन्द्र कुमार, गंगा प्रसाद, गीता देवी, पूनम देवी आदि कार्यकर्ताओं ने अपना योगदान दिया। गुरुद्वारा प्रबंधन और स्थानीय लोगों ने इस सेवा कार्य की जमकर सराहना की और कहा कि ऐसे आयोजन समाज में आपसी सौहार्द और मानवता की भावना को और मजबूत करते हैं।


