Report By: Nadeem Naqvi
हापुड़। हापुड़-पिलखुवा विकास प्राधिकरण द्वारा अवैध निर्माण और अवैध प्लाटिंग के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए चार स्थानों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। उपाध्यक्ष के निर्देश पर प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम ने थाना हापुड़ कोतवाली पुलिस के सहयोग से यह अभियान चलाया।
प्राधिकरण के अनुसार ग्राम गोयना स्थित मोर्चरी हाउस के निकट मोदीनगर रोड पर कुलदीप और धर्मेंद्र द्वारा लगभग 2500 वर्ग मीटर क्षेत्र में की गई अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया। वहीं ब्रह्मा देवी स्कूल के पीछे मोदीनगर रोड से श्याम नगर मार्ग पर राकेश त्यागी और गजेंद्र त्यागी द्वारा करीब 8000 वर्ग मीटर क्षेत्र में विकसित की जा रही अवैध प्लाटिंग पर भी बुलडोजर चलाया गया।
इसके अलावा ग्राम गोयना-अब्दुल्लापुर बसंत, मोदीनगर रोड पर पदम सिंह और रूप सिंह द्वारा लगभग 16 हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में की जा रही अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया। वहीं ग्राम गोयना से पहले मोदीनगर रोड पर अशोक अग्रवाल समेत अन्य लोगों द्वारा करीब 10 हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में किए जा रहे अवैध विकास कार्य को भी प्राधिकरण ने ध्वस्त कर दिया। सभी मामलों में संबंधित निर्माणों के लिए मानचित्र स्वीकृत नहीं कराया गया था।
कार्रवाई के दौरान प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम और सचल दस्ता मौजूद रहा। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि अवैध निर्माण और अवैध विकास कार्यों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
प्राधिकरण के उपाध्यक्ष मुकेश चंद का कहना है कि प्राधिकरण क्षेत्र में बिना मानचित्र स्वीकृति के किए जा रहे किसी भी निर्माण अथवा अवैध प्लाटिंग को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आमजन नियमानुसार मानचित्र स्वीकृत कराकर ही निर्माण एवं विकास कार्य कराएं। अवैध निर्माण के विरुद्ध की जाने वाली कार्रवाई से होने वाली किसी भी क्षति के लिए संबंधित व्यक्ति स्वयं जिम्मेदार होगा।


