Banga Electronics

Kidszee

हापुड़- कटिया डालकर हो रही थी बिजली चोरी, प्रवर्तन दल ने 51 किलोवाट का खेल पकड़ा


Report By: Nadeem Naqvi 
हापुड़। बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के लिए प्रवर्तन दल हापुड़ द्वारा चलाए गए सघन चेकिंग अभियान में कई उपभोक्ता अवैध रूप से बिजली का उपयोग करते पकड़े गए। कार्रवाई के दौरान कुल नौ मुकदमे दर्ज किए गए, जबकि 51 किलोवाट का विद्युत भार चोरी का पाया गया।

पुलिस महानिदेशक सतर्कता एवं पुलिस अधीक्षक मुख्यालय उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड लखनऊ के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमांचल डिस्कॉम मेरठ तथा क्षेत्राधिकारी मेरठ के निर्देशन में प्रभारी प्रवर्तन दल हापुड़ गम्भीर सिंह, अवर अभियंता रामनारायण उपाध्याय और अवर अभियंता विनय कुमार ने टीम के साथ अभियान चलाया।

जांच के दौरान ग्राम सिखेड़ा, थाना पिलखुवा निवासी प्रदीप पुत्र सोमवीर को 17 किलोवाट भार के साथ एलटी लाइन से कटिया डालकर बिजली चोरी करते पकड़ा गया। वहीं पवन कुमारी पत्नी दीप सिंह 6 किलोवाट भार के साथ अतिरिक्त केबल के जरिए अवैध रूप से बिजली का उपयोग करती मिलीं। इसके अलावा राजकुमार पुत्र गौतम सिंह और सोनू पुत्र गजेन्द्र को भी 6-6 किलोवाट भार के साथ एलटी लाइन से कटिया डालकर बिजली चोरी करते हुए पकड़ा गया।

सभी आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार आपराधिक मुकदमे दर्ज कर अन्य विधिक कार्रवाई अमल में लाई गई। अभियान में उपनिरीक्षक जसपाल सिंह, मुख्य आरक्षी मोहम्मद अजीम, विकास कुमार और नंदकिशोर सहित विद्युत विभाग एवं प्रवर्तन दल के अधिकारी शामिल रहे।