Banga Electronics

Kidszee

हापुड़ में अवैध प्लाटिंग का खेल, HPDA को खुली चुनौती!पॉश कॉलोनी में भूमाफिया बिना नक्शे के लाखों रुपये वर्ग मीटर में बेच रहें प्लॉट

हापुड़ में अवैध प्लाटिंग का खेल, HPDA को खुली चुनौती!

पॉश कॉलोनी में भूमाफिया बिना नक्शे के लाखों रुपये वर्ग मीटर में बेच रहें प्लॉट

रिपोर्ट: अनुज सिंह 
 हापुड़। नगर की एक पॉश रिहायशी कॉलोनी में नियमों को ताक पर रखकर धड़ल्ले से अवैध प्लाटिंग का काला खेल खेला जा रहा है। हालात यह हैं कि कुछ कथित सफेदपोश नेताओं के संरक्षण में भूमाफिया हापुड़-पिलखुवा विकास प्राधिकरण (एचपीडीए) की कार्रवाई को खुलेआम चुनौती दे रहे हैं। अब इस जमीन पर धड़ल्ले से अवैध रूप से मिट्टी भराव का काम शुरू कर दिया गया है, यह इसे ऊंचे दामों पर बेचा जा रहा है ।

लाखों रुपये वर्ग मीटर में हो रही सौदेबाजी 
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, रिहायशी इलाके के बीचों-बीच स्थित इस बेशकीमती भूमि का बिना किसी ले-आउट या मानचित्र स्वीकृति के सौदा किया जा रहा है। भूमाफिया इस अवैध कॉलोनी में प्लॉटों को लाखों रुपये वर्ग मीटर की दर से बेच रहें हैं। इसके लिए बकायदा ग्राहकों को लुभाने और जाल में फंसाने का ताना-बाना बुना जा हुआ है।
अवैध मिट्टी भराव से नियमों की धज्जियां उड़ीं
मानकों को दरकिनार कर इस साइट पर दिन-रात अवैध रूप से मिट्टी का भराव कराया जा रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि वाहनों की आवाजाही और अवैध भराव के कारण आसपास के रिहायशी इलाके में धूल का गुबार और दुर्घटनाओं का अंदेशा बना रहता है। लेकिन कथित नेताओं के रसूख के आगे स्थानीय लोग भी आवाज उठाने से कतरा रहे हैं।
चर्चाओं का बाजार गर्म: क्षेत्र में चर्चा है कि जैसे ही प्राधिकरण की टीम कार्रवाई का मन बनाती है, वैसे ही कुछ रसूखदार नेताओं के फोन घनघनाने लगते हैं। रसूख की धौंस दिखाकर इस अवैध कारोबार को धड़ल्ले से संरक्षण दिया जा रहा है।
बुनियादी सुविधाओं पर संकट, खरीदार रहें सावधान
जानकारों का कहना है कि प्राधिकरण से बिना स्वीकृत इस अवैध प्लाटिंग के कारण आने वाले समय में सीवरेज, पानी, बिजली और सड़कों जैसी बुनियादी सुविधाओं का बड़ा संकट खड़ा होना तय है। ऐसे में जो लोग लाखों रुपये वर्ग मीटर की दर से अपनी गाढ़ी कमाई फंसाने जा रहे हैं, उन पर भी डूबने का खतरा मंडरा रहा है।

जांच के बाद होगी सख्त कार्रवाई: अधिकारी
इस संबंध में जब प्राधिकरण के अधिकारियों से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। अवैध रूप से हो रहे मिट्टी भराव और प्लाटिंग की जांच कराकर जल्द ही संबंधित लोगों के खिलाफ और ध्वस्तीकरण की बड़ी कार्रवाई की जाएगी।