Report By: Nadeem Naqvi
हापुड़। थाना देहात क्षेत्र के मंसूरपुर गांव में विकसित की जा रही अवैध प्लाटिंग के खिलाफ मंगलवार को हापुड़-पिलखुवा विकास प्राधिकरण ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया। जेसीबी मशीनों की सहायता से करीब 6,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में काटे गए भूखंडों और सड़कों को ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बनी रही।
जानकारी के अनुसार, मंसूरपुर निवासी पवन कुमार और सुशील कुमार द्वारा बिना स्वीकृत मानचित्र एवं प्राधिकरण की अनुमति के अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही थी। कॉलोनी में भूखंडों का उपखंड कर बिक्री भी की जा रही थी। विशेष बात यह रही कि विद्युत लाइनों के नीचे भी अवैध रूप से प्लॉट काटे जा रहे थे, जिससे सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही थी।
प्राधिकरण ने मामले का संज्ञान लेते हुए पहले कॉलोनाइजरों को नोटिस जारी किए थे, लेकिन निर्माण कार्य बंद नहीं होने पर मंगलवार को ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। प्राधिकरण की टीम ने जेसीबी मशीनों की मदद से अवैध रूप से बनाई गई सड़कों और भूखंडों को मिट्टी में मिला दिया।
हापुड़-पिलखुवा विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष मुकेश चंद ने कहा कि बिना प्राधिकरण की स्वीकृति के विकसित की जा रही किसी भी अवैध कॉलोनी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लोगों से अपील है कि किसी भी भूखंड या संपत्ति की खरीद से पहले उसकी वैधानिक स्थिति की जांच अवश्य कर लें। अवैध प्लाटिंग करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।"


