Banga Electronics

Kidszee

हापुड़- डकैतों पर शिकंजा कसने वाली हापुड़ पुलिस के कप्तान का भाकियू अराजनैतिक ने किया सम्मान


Report By: Nadeem Naqvi 
हापुड़। जनपद में व्यापारी के परिवार को बंधक बनाकर की गई डकैती समेत लूट और डकैती की विभिन्न घटनाओं का सफल खुलासा करने पर भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक ने एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह को सम्मानित किया। संगठन के पदाधिकारियों ने एसपी को पटका पहनाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर उनके नेतृत्व में हापुड़ पुलिस द्वारा की गई प्रभावी कार्रवाई की सराहना की।

इस अवसर पर भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष सरनजीत सिंह गुर्जर ने कहा कि हापुड़ पुलिस ने गंभीर आपराधिक घटनाओं का त्वरित और सफल खुलासा कर सराहनीय कार्य किया है। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई से जनता में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है और पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ा है। उन्होंने कहा कि पुलिस की सक्रियता और सजगता से अपराधियों में कानून का भय पैदा हुआ है, जो समाज के लिए सकारात्मक संकेत है।

वहीं, पश्चिम उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष पदम सिंह निमेष ने कहा कि एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह के नेतृत्व में हापुड़ पुलिस लगातार बेहतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि लूट और डकैती जैसी संगीन घटनाओं का खुलासा कर पुलिस ने अपनी कार्यकुशलता का परिचय दिया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी पुलिस इसी प्रकार अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई कर जनपद में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखेगी।

सम्मान कार्यक्रम के दौरान यशवंत ठाकुर प्रदेश उपाध्यक्ष, नवनीत तोमर प्रदेश महासचिव, सलमान सिद्दीकी वरिष्ठ उपाध्यक्ष पश्चिम उत्तर प्रदेश, विजय शर्मा प्रदेश सचिव पश्चिम उत्तर प्रदेश, दिनेश जाटव प्रदेश सचिव समेत संगठन के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।