Banga Electronics

Kidszee

हापुड़- श्मशान घाट की भूमि पर कथित कब्जे और नाला निर्माण के विरोध में ग्रामीणों का प्रदर्शन


Report By: Nadeem Naqvi 
हापुड़। धौलाना विधानसभा क्षेत्र के ग्राम अनवरपुर में श्मशान घाट की भूमि पर कथित अवैध कब्जा कर तालाब की ओर चारों तरफ नाला निर्माण कराए जाने के विरोध में बुधवार को ग्रामीणों, किसानों, युवाओं एवं बुजुर्गों ने एकजुट होकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने निर्माण कार्य पर आपत्ति जताते हुए प्रशासन से तत्काल रोक लगाने और मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि उक्त निर्माण कार्य विधायक निधि से ग्रामीण अभियंत्रण सेवा विभाग के माध्यम से कराया जा रहा है। उनका कहना है कि प्रस्तावित नाला निर्माण के कारण लगभग 150 बीघा कृषि भूमि की सिंचाई व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है, जिससे किसानों की खेती और उनकी आजीविका पर गंभीर संकट उत्पन्न हो सकता है।
प्रदर्शन कर रहे किसानों का कहना है कि गांव में वर्षों से चली आ रही सिंचाई व्यवस्था इस निर्माण कार्य के कारण बाधित हो जाएगी और खेतों तक पानी पहुंचने में कठिनाई उत्पन्न होगी। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि श्मशान घाट की भूमि तथा ग्राम समाज की संपत्तियों के हितों की अनदेखी करते हुए यह कार्य कराया जा रहा है, जबकि स्थानीय किसानों और ग्रामीणों की आपत्तियों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है।

इस दौरान बड़ी संख्या में किसान, ग्रामीण, युवा साथी एवं गांव के सम्मानित बुजुर्ग मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभाग से मांग की कि निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा किसानों और ग्रामीणों के हितों को ध्यान में रखते हुए उचित निर्णय लिया जाए।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों की अनदेखी की गई तो वे लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से अपने आंदोलन को और अधिक व्यापक करने के लिए बाध्य होंगे।