Report By: Nadeem Naqvi
हापुड़। नगर क्षेत्र के बुलंदशहर रोड पर स्थित समाजवादी पार्टी जिला कार्यालय में शुक्रवार को जिलाध्यक्ष एडवोकेट आनंद गुर्जर के नेतृत्व में आयोजित प्रेस वार्ता में पार्टी नेताओं ने दो महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाते हुए भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए पार्टी ने पीडीए वर्ग के आरक्षण में कथित अनियमितताओं और मतदाता सूची पुनरीक्षण में धांधली का मामला प्रमुखता से उठाया।
प्रेस वार्ता में बताया गया कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा जारी आधिकारिक बुलेटिन के अनुसार पिछले दस वर्षों में पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग के आरक्षण के साथ बड़ा खिलवाड़ किया गया है। पार्टी का दावा है कि विभिन्न 22 प्रतियोगी परीक्षाओं में पीडीए वर्ग के लिए आरक्षित 11,514 से अधिक पदों पर अनियमितताएं हुई हैं। इसमें 69 हजार शिक्षक भर्ती का मामला भी शामिल है। पार्टी नेताओं ने कहा कि पिछड़ा वर्ग आयोग ने आरक्षण नियमों के सही ढंग से पालन न होने की पुष्टि की है तथा इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने भी प्रभावित अभ्यर्थियों को न्याय देने के निर्देश दिए हैं।
दूसरे मुद्दे के रूप में पार्टी ने मतदाता सूची पुनरीक्षण में व्यापक गड़बड़ी का आरोप लगाया। जिलाध्यक्ष आनंद गुर्जर ने कहा कि जनपद हापुड़ की तीनों विधानसभा सीटों धौलाना, हापुड़ और गढ़मुक्तेश्वर की मतदाता सूचियों के अध्ययन में कई मतदाताओं के नाम दो से छह बार तक दर्ज पाए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस संबंध में डीएम को ज्ञापन सौंपा जाएगा और कानूनी प्रक्रिया के तहत भारत निर्वाचन आयोग को ई-मेल के माध्यम से लिखित शिकायत भेजी जाएगी।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधीर चौहान ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार फर्जी मतदाताओं के माध्यम से वर्ष 2027 के चुनावों को प्रभावित करना चाहती है। उन्होंने कहा कि पार्टी इस मामले में सभी कानूनी विकल्पों का क्रमबद्ध तरीके से उपयोग करेगी और त्रुटियों को दूर कराने के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
समाजवादी पार्टी ने मांग की है कि त्रुटिपूर्ण मतदाता सूची का तत्काल शुद्धिकरण कर संशोधित एवं पारदर्शी सूची सार्वजनिक की जाए। पार्टी नेताओं ने कहा कि निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव लोकतंत्र की आधारशिला है और किसी भी प्रकार की अनियमितता को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
इस अवसर पर राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधीर चौहान, तेजपाल प्रमुख, पूर्व जिलाध्यक्ष राजेश यादव, अफसाना चौधरी, यसी यादव, पुरुषोत्तम वर्मा, युधिष्ठिर यादव, फारूक प्रधान, अनुज सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।


