Banga Electronics

Kidszee

हापुड़- चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा पर रोक से बढ़ा विवाद, ब्राह्मण सभा ने आरटीआई से मांगा जवाब


Report By: Nadeem Naqvi 
हापुड़। फ्रीगंज रोड पर प्रस्तावित क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा स्थापना का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। प्रतिमा लगाने की प्रक्रिया पर रोक लगाए जाने के बाद ब्राह्मण समाज में नाराजगी देखने को मिल रही है। मामले को लेकर ब्राह्मण सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नानक चंद शर्मा ने नगर पालिका परिषद से सूचना का अधिकार (आरटीआई) के तहत कई महत्वपूर्ण जानकारियां मांगी हैं।
आरटीआई में उन्होंने पूछा है कि चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा लगाने का प्रस्ताव किस कार्यकाल में स्वीकृत हुआ था, उस समय नगर पालिका बोर्ड में कौन-कौन सभासद थे तथा प्रस्ताव कब पारित किया गया था। इसके अलावा उन्होंने प्रतिमा स्थापना की प्रक्रिया रोकने के पीछे के कारणों और संबंधित आदेश देने वाले अधिकारी अथवा जनप्रतिनिधि की जानकारी भी मांगी है।

नानक चंद शर्मा का कहना है कि यदि प्रतिमा स्थापना का प्रस्ताव नियमानुसार स्वीकृत था तो फिर कार्य को बीच में रोकना उचित नहीं है। उन्होंने पूरे मामले में पारदर्शिता की मांग करते हुए नगर पालिका से स्पष्ट जवाब देने की अपेक्षा जताई है।

इस मुद्दे को लेकर स्थानीय स्तर पर राजनीतिक चर्चाएं भी तेज हो गई हैं। समाज के लोगों का मानना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो इसका असर आगामी विधानसभा चुनावों में भी दिखाई दे सकता है। फिलहाल सभी की नजरें नगर पालिका के जवाब पर टिकी हैं।