- बुआ के घर जा रही दो सगी बहनों की सड़क हादसे में मौत: भाई पानी लेने रुका और पीछे से काल बनकर आया ट्रक, हापुड़ के मुरादपुर गांव में पसरा मातम
रिपोर्ट -प्रदीप गौतम
हापुड़/गाजियाबाद। थाना देहात क्षेत्र के गांव मुरादपुर निवासी एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बीते कल रात दिल्ली में अपनी बुआ के घर जा रही दो सगी बहनों की गाजियाबाद के डसना फ्लाईओवर के पास एक सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में 17 वर्षीय आंशिक और उसकी छोटी बहन 15 वर्षीय परी (कक्षा 11वीं की छात्रा) शामिल हैं। दोनों बहनों की मौत से मुरादपुर गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
भाई पानी लेने रुका, पीछे से काल बनकर आया ट्रक
जानकारी के अनुसार, गांव मुरादपुर निवासी शिनोद राज, जो पेशे से मिस्त्री का काम करते हैं, उनकी दोनों बेटियां आंशिक और परी अपने भाई के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर दिल्ली अपनी बुआ के घर जा रही थीं। जैसे ही उनकी बाइक गाजियाबाद के डसना फ्लाईओवर के पास पहुंची, तभी भाई प्यास लगने के कारण बाइक रोककर पानी लेने के लिए चला गया। दोनों बहनें बाइक पर ही बैठी थीं कि तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
एक की मौके पर मौत, दूसरी ने अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
टक्कर इतनी भयानक थी कि 15 वर्षीय परी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, बड़ी बहन आंशिक गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायल आंशिक को तुरंत पिलखुवा के रामा हॉस्पिटल ले जाया जा रहा था, लेकिन घावों के ताव न सहते हुए उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
गांव पहुंचते ही मचा कोहराम
कागजी कार्रवाई के बाद जब दोनों सगी बहनों के शवों को वापस उनके पैतृक गांव हापुड़ के मुरादपुर लाया गया, तो पूरे इलाके में सन्नाटा खिंच गया। पिता शिनोद राज और मां सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। एक साथ घर की दो बेटियों के शव उठने से गांव का हर व्यक्ति गमगीन है और हर आंख नम है। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


