Banga Electronics

Kidszee

हापुड़- सपा ने फूंका मिशन-2027 का बिगुल, पदम सिंह जाटव बोले— बूथ जीता तो विधानसभा भी हमारी

 
पीडीए पंचायत में कार्यकर्ताओं को दिया संगठन मजबूत करने का मंत्र, गांव-गांव जनसंपर्क तेज करने का आह्वान

Report By: Nadeem Naqvi
हापुड़। आगामी विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों में जुटी समाजवादी पार्टी ने गढ़मुक्तेश्वर विधानसभा क्षेत्र में अपनी सक्रियता और तेज कर दी है। इसी क्रम में ग्राम मानचौक में आयोजित पीडीए यानी पिछड़ा, दलित एवं अल्पसंख्यक पंचायत के माध्यम से पार्टी ने चुनावी अभियान को नई धार देने का प्रयास किया। पंचायत की अगुवाई वरिष्ठ सपा नेता पदम सिंह जाटव ने की, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों, पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और क्षेत्र के गणमान्य लोगों की मौजूदगी रही।
सभा को संबोधित करते हुए पदम सिंह जाटव ने कहा कि समाजवादी पार्टी पीडीए के माध्यम से समाज के हर वर्ग को जोड़ने का अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य सामाजिक न्याय, संविधान की रक्षा और पिछड़े, दलित एवं अल्पसंख्यक समाज को सम्मान और अधिकार दिलाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करें और राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की नीतियों व संदेश को प्रत्येक घर तक पहुंचाएं।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव केवल सत्ता परिवर्तन का नहीं, बल्कि प्रदेश की दिशा और दशा बदलने का चुनाव होगा। इसके लिए हर कार्यकर्ता को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ मैदान में उतरना होगा। उन्होंने दावा किया कि जनता वर्तमान व्यवस्था से बदलाव चाहती है और आने वाले चुनाव में समाजवादी पार्टी को पूर्ण बहुमत का जनादेश मिलेगा।

पंचायत के दौरान स्थानीय समस्याओं और जनहित से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की गई। कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं ने संगठन को और मजबूत करने तथा गांव-गांव जनसंपर्क अभियान चलाकर पार्टी की नीतियों को आमजन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारी, ग्राम प्रधान, क्षेत्र के गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।