Banga Electronics

Kidszee

हापुड़ में कांवड़ मार्ग पर खनन माफिया का दुस्साहस: रात में उखाड़ी नहर की पटरी, मिट्टी व सिल्ट चोरी शासन की जीरो टॉलरेंस नीति को ठेंगा दिखा रात में चुनौती देते माफिया

कांवड़ मार्ग पर खनन माफिया का दुस्साहस: रात में उखाड़ी नहर की पटरी, मिट्टी व सिल्ट चोरी

शासन की जीरो टॉलरेंस नीति को ठेंगा दिखा रात में चुनौती देते माफिया



रिपोर्ट अनुज सिंह 

हापुड़। सिंभावली थाना क्षेत्र अंतर्गत अनूपशहर नहर की पटरी से रात के अंधेरे में खनन माफियाओं द्वारा भारी मात्रा में मिट्टी और सिल्ट चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। मामला आगामी कांवड़ यात्रा मार्ग से जुड़ा होने के कारण सिंचाई विभाग और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है। खनन माफियाओं की इस हरकत को कांवड़ मार्ग को क्षतिग्रस्त करने के प्रयास के रूप में भी देखा जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना सिंभावली क्षेत्र के बक्सर रेगुलेटर से करीब 500 मीटर आगे स्याना रोड की तरफ खनन माफियाओं ने रात के अंधेरे में नहर की पटरी उखाड़ डाली। माफियाओं ने दुस्साहस दिखाते हुए जेसीबी से मिट्टी व सिल्ट की खुदाई की और उसे डंपरों में भरकर रफूचक्कर हो गए। महज कुछ दूरी पर बक्सर रेगुलेटर पर लगे सीसीटीवी कैमरों में यह पूरी वारदात कैद होने की संभावना है। शासन की 'जीरो टॉलरेंस' नीति को ठेंगा दिखाते हुए खनन माफिया लगातार पुलिस-प्रशासन के लिए सिरदर्द बने हुए हैं।
मामले को लेकर सिंचाई विभाग की भरना चौकी पर तैनात सींचपाल विजय पाल सिंह ने थाने में लिखित तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार की मध्य रात्रि अज्ञात व्यक्तियों द्वारा अनूपशहर ब्रान्च नहर से बक्सर रेगुलेटर के नीचे ग्राम बैट व सहसपुरा पुल के बीच बाईं पटरी (कांवड़ मार्ग) से भारी मात्रा में मिट्टी व सिल्ट चोरी की गई है।
सीओ राहुल यादव ने बताया कि मामले में जांच शुरू कर दी गई है। आसपास और बक्सर रेगुलेटर पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज के आधार पर आरोपियों को जल्द चिह्नित कर उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।