Report By: Nadeem Naqvi
हापुड़। जनपद में नशे के कारोबार पर लगाम कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना हापुड़ देहात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली निवासी एक कथित गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब डेढ़ किलो अवैध गांजा बरामद हुआ है। पुलिस का दावा है कि आरोपी लंबे समय से दिल्ली से गांजा लाकर हापुड़ सहित आसपास के जनपदों में उसकी सप्लाई करता था।
पुलिस के अनुसार नियमित चेकिंग अभियान के दौरान मंसूरपुर कब्रिस्तान के पास एक संदिग्ध युवक को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से डेढ़ किलो अवैध गांजा बरामद होने पर उसे तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान अली पुत्र इकबाल, निवासी खजूरी जीरोपुस्ता, दिल्ली के रूप में बताई।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी कथित तौर पर दिल्ली के तायरा बानो और आसिफ उर्फ लम्बू के संपर्क में था। आरोप है कि तीनों मिलकर दिल्ली से गांजा लाकर उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में उसकी सप्लाई करते थे। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है और फरार बताए जा रहे दोनों आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।
थाना हापुड़ देहात पुलिस ने आरोपी अली को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ तथा नामजद अन्य आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि अब तक यह गिरोह किन-किन क्षेत्रों में नशीले पदार्थों की सप्लाई कर चुका है और इसके नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
थाना प्रभारी पारस मलिक ने बताया कि जनपद में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। नशे के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


