Banga Electronics

Kidszee

हापुड़- उधार के पैसों का खूनी हिसाब! मोहसीन हत्याकांड के तीन आरोपी गिरफ्तार


Report By: Nadeem Naqvi 
हापुड़। थाना गढ़मुक्तेश्वर पुलिस ने बिस्मिल्ला होटल के पास हुए चर्चित मोहसीन हत्याकांड का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड, बांस का डंडा तथा स्विफ्ट कार बरामद की गई है। पुलिस ने आरोपियों को दोताई पुल नहर पटरी क्षेत्र से गिरफ्तार किया।

प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह बिष्ट के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नवाब खान निवासी बिजनौर, अबूबकर निवासी अमरोहा और शादाब कुरैशी निवासी बिजनौर के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, मृतक मोहसीन ने अपना पुश्तैनी मकान किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया था, जबकि आरोपी नवाब स्वयं वह मकान खरीदना चाहता था। इसके अलावा नवाब पर मोहसीन के उधार के पैसे भी बकाया थे, जिन्हें वापस करने को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। 29 जून को मोहसीन गाजियाबाद अपनी ससुराल जा रहा था। आरोपियों ने उसका पीछा किया और न्यू बिस्मिल्ला होटल के पास बस रुकते ही डंडे और लोहे की रॉड से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। उपचार के दौरान मेरठ मेडिकल कॉलेज में मोहसीन की मौत हो गई।

पुलिस ने हत्या के मुकदमे में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। मुख्य आरोपी नवाब खान के खिलाफ बिजनौर जिले के चांदपुर थाने में मारपीट, लूट और अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं।