Banga Electronics

Kidszee

हापुड़- इनरव्हील क्लब हापुड़ की नई अध्यक्ष बनीं श्वेता जैन, पदग्रहण समारोह में सेवा कार्यों का आगाज


Report By: Nadeem Naqvi 
हापुड़। इनरव्हील क्लब हापुड़ का वर्ष 2026-27 के लिए पदग्रहण समारोह वरिष्ठ सदस्य किरण क्लेयर के आवास पर स्नेहपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण माहौल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ। पूर्व अध्यक्ष शुभांगी अग्रवाल ने कॉलर पहनाकर क्लब का कार्यभार नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्वेता जैन को सौंपा।
अध्यक्ष श्वेता जैन ने अपनी नई कार्यकारिणी का परिचय कराया। इसमें सचिव मानसी अग्रवाल, उपाध्यक्ष प्रियंका कंसल, कोषाध्यक्ष मिलन अग्रवाल, आईएसओ अलका बंसल तथा क्लब एडिटर डॉ. पूनम ग्रोवर शामिल हैं। सभी पदाधिकारियों ने वर्ष की थीम ग्रो एंड फ्लोरीश को साकार करने के लिए मैत्री, सेवा और समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर अध्यक्ष ने सभी सदस्यों को उपहार भी भेंट किए।
अपने संबोधन में श्वेता जैन ने शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में सेवा कार्यों को प्राथमिकता देने की घोषणा की। कार्यक्रम के शुभारंभ पर सभी सदस्यों को पौधे वितरित किए गए और उनकी देखभाल का संकल्प दिलाया गया। साथ ही एक जरूरतमंद महिला को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से सिलाई मशीन भी भेंट की गई।
समारोह में डॉ. रोमशा वशिष्ठ का इनरव्हील परिवार में नई सदस्य के रूप में पिन लगाकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में डॉ. वीणा अग्रवाल, डॉ. पूनम पाठक, मधु अग्रवाल, श्वेता माहेश्वरी, प्रियंका कंसल, सोनल जैन, तबस्सुम खान, सुषमा सिंह, सुषमा शर्मा, सीमा अग्रवाल, शशि गुलाटी, डॉ. हीना आहूजा, पूनम आहूजा, साध्वी अग्रवाल, डॉ. रुमाना खान, मोनिका बंसल और निशा तायल सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम के अंत में सदस्यों ने जलपान के साथ अनौपचारिक बातचीत का आनंद लिया। किरण क्लेयर और तबस्सुम खान के आतिथ्य के लिए आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम के सफल संचालन में डॉ. पूनम ग्रोवर और मानसी अग्रवाल का विशेष सहयोग रहा।