Report By: Nadeem Naqvi
हापुड़। इंडियन इंडस्ट्रीज़ एसोसिएशन (आईआईए) के धीरखेड़ा-हापुड़ चैप्टर की कमान एक बार फिर पवन शर्मा को सौंप दी गई है। आईआईए के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश गोयल ने उन्हें वर्ष 2026-27 के लिए लगातार दूसरी बार चैप्टर चेयरमैन नियुक्त किया है। इस घोषणा के बाद उद्योग जगत, व्यापारिक संगठनों और ब्राह्मण समाज में खुशी की लहर दौड़ गई। पवन शर्मा के आवास, कार्यालय और फैक्ट्री पर शुभचिंतकों का दिनभर तांता लगा रहा, जहां लोगों ने उन्हें पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह भेंट कर शुभकामनाएं दीं।
पवन शर्मा ने अपने पिछले कार्यकाल में उद्योगों और व्यापारियों की समस्याओं को जिला प्रशासन से लेकर शासन स्तर तक मजबूती से उठाया। औद्योगिक विकास, उद्यमियों के हितों की पैरवी और समस्याओं के समाधान में उनकी सक्रिय भूमिका को देखते हुए आईआईए नेतृत्व ने उन पर दोबारा भरोसा जताया है।
नियुक्ति के बाद राष्ट्रीय ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नानक चंद शर्मा ने पवन शर्मा की फैक्ट्री पहुंचकर उन्हें भगवान परशुराम का स्मृति चिन्ह भेंट किया और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि संघर्षशील और सक्रिय नेतृत्व उद्योगों के विकास, नए निवेश और रोजगार सृजन की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
पवन शर्मा ने कहा कि आईआईए ने जो विश्वास दोबारा उन पर जताया है, उस पर वे पूरी निष्ठा के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उनका उद्देश्य उद्योगों की समस्याओं का त्वरित समाधान कराना, नए निवेश को बढ़ावा देना तथा धीरखेड़ा-हापुड़ औद्योगिक क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रशासन और शासन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करना रहेगा।
इस अवसर पर जितेंद्र कुमार, भरत लाल शर्मा, विक्की शर्मा, कक्कू, निशांत शर्मा, प्रवीण शर्मा, प्रशांत शर्मा सहित बड़ी संख्या में उद्यमियों, व्यापारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने पवन शर्मा को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।


