Report By: Nadeem Naqvi
हापुड़। जनपद के हापुड़ देहात थाना क्षेत्र के गांव असौड़ा में सार्वजनिक सड़क पर अतिक्रमण का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के ईदगाह गेट के पास सड़क की खुदाई कर एक व्यक्ति द्वारा सबमर्सिबल पंप लगा दिया गया, जिससे सड़क का हिस्सा प्रभावित हो गया और राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर इस तरह खुदाई कर सबमर्सिबल पंप लगाना नियमों के विपरीत है। इससे न केवल सड़क क्षतिग्रस्त हुई है, बल्कि भविष्य में दुर्घटना की आशंका भी बढ़ गई है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से मामले की जांच कर सार्वजनिक भूमि से अतिक्रमण हटाने तथा जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो सड़क पर आवागमन और अधिक प्रभावित हो सकता है। फिलहाल मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और लोग प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप की उम्मीद लगाए हुए हैं।


