Report By: Nadeem Naqvi
हापुड़। गढ़मुक्तेश्वर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम लडपुरा में आयोजित पीडीए पंचायत में जाटव और गुर्जर समाज के लोगों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। कार्यक्रम में पहुंचे समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता पदम सिंह जाटव का ग्रामीणों ने फूल-मालाएं पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया। पंचायत के दौरान सामाजिक एकजुटता, जनहित और क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
सभा को संबोधित करते हुए पदम सिंह जाटव ने कहा कि पीडीए का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को सम्मान और बराबरी का अधिकार दिलाना है। उन्होंने कहा कि सामाजिक भाईचारे और एकजुटता से ही क्षेत्र का विकास संभव है। उन्होंने लोगों से आपसी मतभेद भुलाकर जनहित के मुद्दों पर मिलकर काम करने का आह्वान किया।
पंचायत में मौजूद ग्रामीणों ने भी सामाजिक न्याय, विकास और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर अपनी राय रखी। कई वक्ताओं ने गांवों में शिक्षा, रोजगार, सड़क, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम के दौरान जाटव और गुर्जर समाज के लोगों ने पीडीए की विचारधारा के प्रति समर्थन व्यक्त किया और क्षेत्र के विकास के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया। अंत में ग्रामीणों ने अतिथियों का सम्मान किया। पूरे आयोजन में उत्साह, भाईचारा और जनसहभागिता का माहौल देखने को मिला।



