Banga Electronics

Kidszee

हापुड़- बसपा के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष का भव्य स्वागत, बाबा साहब को नमन कर संगठन मजबूत करने का लिया संकल्प


Report By: Nadeem Naqvi 
हापुड़। बहुजन समाज पार्टी के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष केपी सिंह का गुरुवार शाम जिले में पहली बार आगमन होने पर कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। मेरठ तिराहे पर बड़ी संख्या में जुटे समर्थकों ने फूल-मालाओं, ढोल-नगाड़ों और पार्टी के नारों के बीच उनका अभिनंदन किया। स्वागत के बाद केपी सिंह सीधे संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर पहुंचे, जहां उन्होंने माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प व्यक्त किया।

इस अवसर पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष केपी सिंह ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं और प्रत्येक कार्यकर्ता का सम्मान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि संगठन में सभी को साथ लेकर चलने की नीति अपनाई जाएगी।

केपी सिंह ने कहा कि आने वाले समय में बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक सक्रिय बनाया जाएगा। पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को बहुजन समाज पार्टी से जोड़ा जा सके। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को मजबूत बनाने और आगामी चुनावों की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे पार्टी पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया तथा नए जिलाध्यक्ष का स्वागत करते हुए संगठन को मजबूती देने का भरोसा दिलाया।